Monday, 30 May 2022

भय का खूँटा





रस्मों, रीति- रिवाजों के

बंधनों में बंधी स्त्री,

पहले छटपटाती फिर

स्वयं उनमें बंध जाती,

कब उनके मोह में पड़ जाती

थाह भी ना पाती।

 

सोलह सोमवार से शुरू

उत्तम वर की चाह,

करवा चौथ के

कठिन व्रत में बदलती,

आस्था के नाम पर हर वर्ष

प्रेम की अग्निपरीक्षा देती।

वो भूखी निर्जल देह,

चमकती साड़ी और मेकअप तले

अपमान को दबा,

प्रेम और सम्मान को तरसती

सखियों संग दमकती

अगली सुबह से

फिर पिटती और खटती।

 

सपूत हो या कुपूत

अहोई- जितिया तो होगा ही,

उसके जन्म के बाद से ही

पुत्र-प्रेम की परीक्षा भी

स्त्री ही तो देगी,

जैसे जन्म देना परीक्षा नहीं।

पुत्र कलह करे या मारे,

तो भी अहोई तो होगा

या सात समंदर पार से

बात भी ना कर पाएगा,

व्रत के रूप में

माँ की प्रेम-परीक्षा पाएगा।

 

स्त्रियाँ बंधी हैं व्रतों से

रीति-रिवाजों से,

ज्यूं बंधी हो

खूंटे से कोई गाय,

शिक्षा भी इस खूंटे को

तोड़ नहीं पाए।

 

कई नाम दिए इस खूंटे को,

प्रेम, आस्था, संस्कृति, रिवाज

पर असल नाम भय है।

जिसे बचपन से

स्त्री मन में रोपा जाता है

एक बीज की तरह,

सींचा जाता है ताउम्र

एक पौधे की तरह,

और विवाहोपरांत

पेड़ बनने दिया जाता है

गहरी जड़ों वाला

जिसकी विशाल टहनियों पर टंगते

बिछुए, मंगलसूत्र, बिंदी, चूड़ियां,

और रस्मों रिवाजों की

एक बड़ी सी काली गठरी।

 

चाह कर भी स्त्री

भय के खूंटे से छूटती नहीं

क्यूंकि भय ने ही तो

उसे तराशा है

उम्र के हर पड़ाव पर

भय ने उसे उसकी

हद बताई है

एक लड़की की तरह

पत्नी और बहू की तरह

फिर माँ की तरह

 

स्त्री को कब भय का

खूँटा तोड़ने दिया?

जो भय का खूंटा तोड़ दे

तो स्त्री, स्त्री ना रहेगी

पुरुष ही ना हो जाएगी!


~ 
प्रियंका सिंह
 

Monday, 21 March 2022

कविता का जन्म

 







कविता जन्म लेती है
मन की बंजर ज़मीन पर,
नेह का अमृत पड़े
या अश्रु विषाद के,
दोनों ही सींच जाते
मन की धरती को।

फूटती है जैसे कोपल
जैसे जन्म शिशु का,
कविता के रचयिता का
वो मातृ सुख,
कुछ पीड़ा से भरा,
कुछ उल्लास से परिपूर्ण।

मन देखता कविता को
जन्मते, बढ़ते, लहलहाते,
वो ज़मीन अब बंजर नहीं
कविता ने नरमा दी मिट्टी,
उगने लगी हैं नई कोपलें
कुछ और कविताओं की।


~ प्रियंका सिंह



Wednesday, 29 December 2021

दिसंबर







ज्यों ज्यों ख़त्म हो रहा
हो रहा कमाल दिसंबर,
दिल्ली के सर्द मौसम का
जलवा-ओ-जमाल दिसंबर

सर्द हवा में रुख़सार
और सुर्ख़ हुए जाएं,
बिखरा नर्म गालों पर
बन गुलाल दिसंबर

मौसम तो मोहब्बत में
रास आते हैं सभी,
मुख्तलिफ़ है सर्द शामों 
में विसाल दिसंबर

रिश्तों को गर्म रखती
चाहत की कांगड़ी,
अंगार प्रेम के दहकें
करे बेहाल दिसंबर

गुज़रते साल के शिकवे
दामन में सहेजे,
लाता है आते साल का 
उजाल दिसंबर।

~ प्रियंका सिंह

जलवा - रोशनी, शोभा
जमाल- सौन्दर्य
रुख़सार- गाल
सुर्ख़- लाल
मुख्तलिफ़- अलग
विसाल- मिलन
शिकवे- शिकायत
उजाल - रौशनी 


Saturday, 18 December 2021

वो प्रेम











वो तुमसे किया जो प्रेम था,

किसी और से फिर किया ही नहीं


तन दिया, जीवन दिया पर
मन तो किसी को दिया ही नहीं

तुम जब चाहे स्वप्न में आ जाते,
किसी और को ये हक दिया ही नहीं

हर बार दुखाया दिल तुमने,
कभी कोई गिला किया ही नहीं

जहाँ छोड़ गये इक ज़ख्म तुम,
वो दिल का चाक सिया ही नहीं

वो चाक भी महके चंदन सा,
तेरी खुशबू को रुखसत किया ही नहीं

वो तुमसे किया जो प्रेम था,
किसी और से फिर किया ही नहीं।

~ प्रियंका सिंह 

Friday, 26 November 2021

शहर की चीत्कार

 











नहीं थी गाँव में पक्की सड़क
बड़े स्कूल, कॉलेज, फैक्ट्री या दफ्तर,
लेकिन जीवनयापन को चाहिए
शिक्षा का हथियार, रोज़गार।

आ गए शहर क्यूंकि
पक्की सड़कें ले जाती थीं
कॉलेज और यूनिवर्सिटी की राह,
पाए दफ्तरों में ओहदे
शिक्षा के बल पर,
कैसी भाती थी वो चकाचौंध
रात भर ना सोता शहर, ना तुम,
धीरे-धीरे परिवार आया फिर
गाँव के गाँव और कस्बे
शहर के हो लिए।

शहर ने सबको अपनाया
बिना किसी भेदभाव,
यहां जाति से नहीं
शिक्षा से होती पहचान,
मेहनत कर वो सब पाना चाहा
जो गाँव ना दे सका,
वो सब लिया भी
जो शहर का था।

शहर ने दिया अपना वितान
पंख फैलाने को पूरा आसमान,
क्या ना मिला शहर से
शिक्षा, रोज़गार, बिजली, पानी
चमचमाती कार, मकान, दोस्त, पैसा,
बरसों शहर में रह कर
अब कोसते हो शहर को ही,
रूमानी अंदाज़ में बता कर
गाँव के किस्से कहानियां,
ज्यूं शहर में आकर
कुछ भाया ही नहीं
कुछ पाया ही नहीं।

क्यूँ बार-बार बिजली जाती है ?
क्यूँ पानी इतना गंदा है यहां?
देखो, इनकी नदी कितनी मैली है!
क्यूँ मकानों के दाम आसमान छूते हैं?
क्यूँ कालेजों में दाखिला नहीं होता?
अरे, कितना प्रदूषण है यहां!
कैसे जहरीली हवा में साँस लें?
उफ्फ, कितना ट्रैफिक है!
ये शहर तो रहने लायक नहीं रहा!
इस से अच्छा तो गाँव ही था!

जानते हो, अहसान-फरामोश दिखते हो
जब ऐसे कहते हो,
बरसों शहरों का दोहन कर
शहरों को ही कोसते हो,
न्यौते नहीं गए थे
खुद शहर आए थे,
अपनी पहचान बनाने
रोज़गार के लिए।

ये शहर जो आज ज़हर लगते हैं
जिनसे वापस गाँव लौटना चाहते हो,
जाने से पहले इनका उधार चुका जाओ,
वो हवा जिसे प्रदूषित किया तुमने भी,
वो पक्की सड़कें जिनके गड्ढों में
तुम्हारे वाहन का भी योगदान है,
वो बिजली, पानी, ज़मीन,
जिसकी कमी के तुम भी जिम्मेदार हो,
यूँ ही नहीं दोहन कर चलते बनोगे
कर जाओ उसे वैसा ही
जैसा मिला था बरसों पहले,
कम से कम आभार ही जता दो
कि इन शहरों ने बरसों पाला है तुम्हें,
क्या सुनती नहीं तुम्हें शहर की चीत्कार
जिसके तुम भी हो ज़िम्मेदार।

~ प्रियंका सिंह 

Saturday, 28 August 2021

म्यूजिकल चेयर









वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों की
सांप सी लहराती कतार,
कभी कछुआ तो कभी
खरगोश सी चाल चलती।
कतार से निकल कर,
कुछ लोग आ कर
बैठ जाते हैं कुर्सियों पर
जो लगी हैं,
सर्पाकार भीड़ के सामने
एक सीधी लाइन में ।

कभी-कभी खरगोश हो जाती
कतार से कदम मिलाने को,
कुछ महान जन
तुरंत उठ कर खड़े होते,
मिनट भर कतार में रह,
आगे की कुर्सियों को
निशाना बनाते,
ज़रा सी देर उन पर बैठ
फिर कतार में लग जाते,
काफी देर तक ये
उठने और बैठने
का खेल चलता रहा,
पीछे खड़े हम सोचें
ये लोग क्या 
लुत्फ उठा रहे हैं,
वैक्सीनेशन सेंटर पर
'म्यूजिकल चेयर' के गेम सा
मज़ा पा रहे हैं!

बांके जवान भी सब
कुर्सी पर निशाना साधे हैं,
एक खाली होते ही
दो लपकते हैं,
कुर्सी चीज़ ही ऐसी है
छोड़ी भी तो नहीं जाती,
मिल जाये तो
लत लग जाती है,
अब तो यूँ भी खड़े रहने में
बड़ा कष्ट होता है,
डेढ़ साल से घर बैठे हैं
कैसे यकायक खड़े हो पाएंगे,
और इन्तज़ार में कुछ तो करना है
तो 'म्यूजिकल चेयर' ही खेल लें,
वैक्सीन के इंतज़ार में
थोड़ा खेला का रस ले लें, 
हमने भी रस पा लिया
कुर्सी का खेल देखने का 
और कविता करने का।

~ प्रियंका सिंह 

Friday, 16 July 2021

माचिस से घर









माचिस से घर
हम तीली से,
कभी जल जाते
कभी सीले से।

धूप को तरसे
और बारिश को,
बंद घरों में
तरसे आँगन को।

ए. सी. कमरों में
पीपल को सोचें,
सावन के झूले
हवा के झोंके।

काश छत पर चढ़
बारिश में नहाते,
ठहरे पानी में
कागज़ी नाव चलाते।

कैसे कर लें
माचिस से घर में,
अपने मन की
ये सारी बातें।

काश कि कोई
उपहार स्वरूप,
मुट्ठी में लाए
थोड़ी सी धूप।

अंजुली में भर
बारिश भी लाए,
थोड़ी नीम की
छांह ले आये।

साथ ले आए
वो अल्हड़पन भी,
वो बेफिक्री और
बचपन का मन भी।

~ प्रियंका सिंह

आप इस कविता का वीडियो मेरे यूट्यूब चैनल काव्यांजलि। Kavyanjali पर भी देख सकते हैं.